अश्क न जाने क्यों आखों में आते हैं,
दिल का हाल ज़माने से कह जाते हैं।
हाय ! दर्द से होंठ नहीं हिल पातें हैं,
पर आँखों में राज सभी छप जातें हैं।
लाखों आँखे तन्हाई में रोती हैं,
तब जा कर नमकीन समंदर बन पातें हैं।
अश्कों की भाषा थोड़ी हट कर है यारों,
कभी कभी तो खुशी में भी बह जातें हैं।
कोई इन आँखों को समझाए जरा,
हर बात पर सैलाब नए ये बनातें हैं।
अश्क ना जाने क्यों आँखों में आतें हैं,
दिल का हल ज़माने से कह जातें हैं...
अनुप्रिया ...
शाम का आलम , भींगी पलकें ,तन्हाई,
और तुम्हारी याद।
दिल में गुजरे लम्हों की है परछाई,
और तुम्हारी याद।
जब जब दिल पर बांध सब्र का मैंने बनाया,
सागर के लहरों के जैसी उमड़ आई
और तुम्हारी याद।
जैसे जैसे दिन बढ़ते गए जुदाई के
जज्बातों को दर्द नए कुछ दे आई
और तुम्हारी याद।
हर एक पलक पर ख्वाब नए से सजे हुए हैं,
दूल्हा दुल्हन ,खुशियों का मौसम, शहनाई,
और तुम्हारी याद।
याद तुम्हारी और नहीं कुछ याद हमें,
भूलने की कोशिश में हरसू है आई
और तुम्हारी याद।
अनुप्रिया...
कुछ अनसुनी सी दास्ताँ
सुना रही है आज हवा,
दिल का शायद हाल तुम्हारे
बता रही है आज हवा।
आई हो जैसे छू कर तुमको
तुम्हारे शहर से अभी अभी,
इस तरह तुम्हारी ख़ुशबू से
नहा रही है आज हवा।
कभी उड़ा देती हैं जुल्फें,
कभी हिलाएं आँचल को,
तुम सी सारी अदाएं मुझको
दिखा रही है आज हवा।
दूरियां तो हैं हमारे
जिस्म की मजबूरियां ,
देखो कैसे दो दिलों को
मिला रही है आज हवा।
कह रही है एक दिन
सिमट जायेंगे ये भी फासले,
मुझको, मेरी तन्हाई को
समझा रही है आज हवा।
हर चेहरा मुझसे पूछता है
तुम हो कहाँ ?
हर नज़र ढूढती है मेरे आस पास
तुम्हारे निशान।
हर दरख़्त जैसे जानता हो अपनी कहानी,
हर शाख को हो जैसे पता
ये दास्ताँ।
कल शाम उड़ती एक चिड़िया ने कहा
चाँद , सूरज ,फूल ,भवरे ,और हवा,
सबके साथी ,और तुम तनहा !
उदास दिन हैं , उदास रातें,
उदास है मेरा जहाँ,
तुम हो कहाँ ?
अनुप्रिया ...
मेरे हमसफ़र!
तुम्हारे प्यार के आगोश में खोये हुए
जो दिन गुजर गए ,
उसके हर पल ना जाने कब
मेरी आँखों में ठहर गए।
अब हर रात वो पल
मेरी नींदे चुराते हैं।
हर दिन तनहाइयों में
आंसुओं का सावन बरसातें हैं ।
कभी मेरे लबों को छू कर
अजीब सी प्यास जगतें हैं,
तो कभी सीने से लग कर
मेरी बेताबी को और बढ़ा जातें हैं।
मेरे हमसफ़र !
तुम्हारी खिलखिलाहट के ताल पर
थिरकते वो पल...
तुम्हारी सांसों की खुशबु से
महकते वो पल...
तुम्हारे बाँहों के झूलों में
मचलते वो पल...
वो पल मुझे बहुत याद आते हैं।
अनुप्रिया...
आज न्यूज़ में सुना मैंने
एक मासूम लड़की की दास्ताँ,
रोती हुई बता रही थी
गई रात क्या हुआ ।
किस तरह बचपन को उसके
वासना में रौंद कर
उसके ही चाचा ने
उसकी मासूमियत का शिकार किया।
घर में सब हैरान थे,
ऐसा भी होता है भला !
और आपस में दुहाई
दे रहे थे नैतिक मूल्यों का।
मैं मगर चुप चाप
टीवी को निहारे जा रही थी,
उसके आंसू अपनी आँखों
में उतारे जा रही थी।
ऐसा लग रहा था है वो
मेरे अतीत का आइना,
जो कुछ भी वो कह रही थी
साथ मेरे हो चूका।
आज तक जो चुभ रहा वो
दर्द मैंने भी सहा है,
धीरे धीरे दिल का हर एक
जख्म ताजा हो रहा है।
ना जाने कितनी रातें गुजरी
आंसूं भरी आँख में,
पर किसी से कह ना पाई
हाय ! मन की बात मैं।
जिस कहानी पर हैरत है सबको
हाँ उसे मैं जी चुकी हूँ
अपमान का ये घूंट मई भी
बालपन में पी चुकी हूँ।
और मैं ही क्यों ,
यहाँ अनगिनत हैं और भी
जिनकी इज्जत और अस्मत
अपने ही घर में लुटी।
है अजब ये बात बेटी
अपने घर का मान है,
और घर ही में उसका
लुट रहा सम्मान है।
अभी इन बातों में उलझी
ही हुई थी मैं तभी,
८ बजे शाम को
दरवाजे की घंटी बजी।
पापा ने खोला तो देखा
मेरे चाचा जी खड़े थे
उम्र और कद काठी में
वो मेरे पापा से बड़े थे।
सबने उठ कर बड़े अदब से
अपना अपना सर झुकाया
और बातों ही बातों में,
न्यूज़ का किस्सा सुनाया।
चाचा जी ने लाल हो कर
क्रोध में सबसे कहा ,
ऐसे पापी लोगों को वो
फांसी पर देते चढ़ा।
उनकी बातें सुन के जैसे
दिल में उठी टीस सी ,
और वहां से उठ के मैं
अपने कमरे में गई।
अपने वार्डरोब से निकाली
मैंने एक लम्बी सी रस्सी,
और ले जा कर के उसको
सामने उनके रक्खी ।
पहली बार मिला कर नज़र
उनकी नज़र से मैंने कहा,
एक फांसी का फन्दा
मान्यवर !आपके नाम भी...
आज जैसे मेरे बरसों की
तड़प को न्याय मिला,
मेरा मुजरिम सामने मेरे
खड़ा था सर झुका।
मेरा खोया विश्वास मुझको
आज वापस मिल गया,
उस मासूम लड़की ने दिखाई
हिम्मत जो ,उसका शुक्रिया।
अनुप्रिया...
आज मैं उदास हूँ
और तुमसे क्या कहूँ।
सुस्त सी हैं धड़कने
रुकी रुकी सी साँस हूँ
और तुमसे क्या कहूँ।
आज इस मक़ाम पर
आदमी की बिसात क्या
खुदा से भी नाराज़ हूँ
और तुमसे क्या कहूँ।
कल की बात और थी
मेरे वजूद से थी रौशनी
अब बुझा हुआ चिराग हूँ
और तुमसे क्या कहूँ।
वक़्त की आंधी में
आँख से जो गिर गया
टुटा हुआ वो ख्वाब हूँ
और तुमसे क्या कहूँ।
खुशबु थी मैं, नशा थी मैं,
नजाकत थी मैं ,अदा थी मैं,
अब ढला हुआ शबाब हूँ
और तुमसे क्या कहूँ।
अनुप्रिया ...